नयी दिल्ली, सात जुलाई (भाषा) भाषा की अलग-अलग फाइल से बृहस्पतिवार रात नौ बजे तक जारी महत्वपूर्ण खबरें इस प्रकार हैं:
प्रादे95 उप्र मोदी दूसरी लीड शिक्षा
नयी पीढ़ी को भविष्य के लिये तैयार करने की जमीन बना रही है नयी शिक्षा नीति : प्रधानमंत्री
वाराणसी (उत्तर प्रदेश): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि अंग्रेज हुकूमत ने अपनी जरूरतों को पूरा करने के मकसद से एक ‘सेवक वर्ग’ तैयार करने के लिए शिक्षा व्यवस्था बनायी थी। आजादी के बाद उसमें बहुत सा बदलाव बाकी रह गया, जिसमें नयी शिक्षा नीति के जरिये बदलाव लाकर नयी पीढ़ी को आने वाले कल के लिये तैयार करने की जमीन बनायी जा रही है।
दि98 कांग्रेस महंगाई रमेश
महंगाई काबू नहीं हुई तो आंकड़ों को ‘मोदी-फाई’ करना चाहती है सरकार: रमेश
नयी दिल्ली: कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने महंगाई के मुद्दे को लेकर बृहस्पतिवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जब सरकार कीमतों को कम करने में विफल है तो उसने आंकड़ों को ही ‘मोदी-फाई’ (संशोधित) करने का फैसला कर लिया है।
दि28 चीन भारत तीसरी लीड जयशंकर वांग
जयशंकर ने चीनी विदेश मंत्री के साथ बैठक में सभी लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की जरूरत बतायी
नयी दिल्ली: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बृहस्पतिवार को अपने चीनी समकक्ष वांग यी को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर सभी लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान की आवश्यकता से अवगत कराया और कहा कि द्विपक्षीय संबंध परस्पर सम्मान, परस्पर संवेदनशीलता और परस्पर हितों पर आधारित होने चाहिए।
वि38 ब्रिटेन जॉनसन लीड संबोधन
जॉनसन ने इस्तीफे की घोषणा की, नए नेता के चुनाव तक प्रधानमंत्री बने रहेंगे
लंदन: ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह कंजर्वेटिव पार्टी का नेता पद छोड़ने की घोषणा करते हुए उदास हैं। उनकी इस घोषणा के बाद पार्टी के नए नेता का चुनाव किया जाएगा जो देश के नए प्रधानमंत्री बनेंगे।
दि91 दलाईलामा लीड भारत चीन
भारत ने प्रधानमंत्री मोदी की दलाई लामा को जन्मदिन की बधाई पर चीन की आलोचना को खारिज किया
नयी दिल्ली: भारत ने तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा को उनके 87वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बधाई देने पर चीन की आलोचना को खारिज करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार की नीति भारत में दलाई लामा को हमेशा सम्मानित अतिथि के रूप में देखने की रही है और इसे समग्र संदर्भ में देखा जाना चाहिए।
प्रादे71 महाराष्ट्र लीड शिंदे सचिवालय
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ‘मंत्रालय’ में संभाला कार्यभार
मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को राज्य सचिवालय (मंत्रालय) में आधिकारिक रूप से अपना पदभार संभाल लिया।
दि45 काली मणिमेकलाई
इस समय कहीं भी सुरक्षित महसूस नहीं करती, ‘‘काली’’ पर विवाद के बीच मणिमेकलाई ने कहा
नयी दिल्ली: अपनी डाक्यूमेंट्री ‘‘काली’’ को लेकर उत्पन्न विवाद के बीच फिल्मकार लीना मणिमेकलाई ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह ‘इस समय कहीं भी’ सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं।
प्रादे105 पंजाब मुख्यमंत्री तीसरी लीड विवाह
दूसरी बार दूल्हा बने मान, डा.गुरप्रीत के साथ रचाया ब्याह
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बृहस्पतिवार को यहां अपने आवास पर एक निजी समारोह में हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रहने वाली डॉक्टर गुरप्रीत कौर के साथ विवाह बंधन में बंध गए। इस शादी से बैंड, बाजा और बारात सभी नदारद थे, केवल परिवार के सदस्यों और कुछ करीबियों की मौजूदगी में विवाह संपन्न हुआ।
वि37 चीन अमेरिका प्रतिक्रिया
चीन ने अमेरिका, ब्रिटेन की खुफिया सेवाओं पर साधा निशाना
बीजिंग: चीन ने बृहस्पतिवार को तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि अमेरिका ‘‘विश्व शांति, स्थिरता और विकास’’ के लिए सबसे बड़ा खतरा है। इससे पहले, अमेरिका ने चीन पर जासूसी करने और उसे अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए खतरा बताया था।
अर्थ52 ईडी वीवो
वीवो इंडिया ने कर से बचने के लिए 62,476 करोड़ रुपये विदेश भेजेः ईडी
नयी दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि चीनी स्मार्टफोन विनिर्माता वीवो की भारतीय इकाई ने यहां पर कर देनदारी से बचने के लिए अपने कुल कारोबार का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा यानी 62,476 करोड़ रुपये विदेशों में भेज दिए।
अर्थ60 लीड गेहूं आटा
सरकार ने गेहूं के बाद अब आटे के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगाया
नयी दिल्ली: सरकार ने मई में गेहूं के निर्यात पर रोक लगाने के बाद अब गेहूं के आटे, मैदा और सूजी के निर्यात पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।
खेल16 खेल महिला भारत
हरमनप्रीत और पूजा चमकी, भारत ने श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला 3-0 से क्लीन स्वीप की
पालेकल: कप्तान हरमनप्रीत कौर और पूजा वस्त्राकर के हरफनमौला प्रदर्शन के बूते भारतीय महिला टीम ने बृहस्पतिवार को यहां तीसरे और अंतिम वनडे में श्रीलंका पर 39 रन की जीत से श्रृंखला में सूपड़ा साफ किया।
खेल8 खेल विम्बलडन लीड सानिया
सानिया ने मिश्रित युगल सेमीफाइनल में हार के साथ विम्बलडन से विदा ली
विम्बलडन: भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने मिश्रित युगल सेमीफाइनल में गत चैम्पियन नील कुपस्की और डेसिरे क्रॉजिक से मिली हार के साथ विम्बलडन से विदा ली।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
