scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशराहुल ने केरल के मुख्यमंत्री से ईएसजेड के मुद्दे पर ‘भ्रम पैदा नहीं’ करने का आग्रह किया

राहुल ने केरल के मुख्यमंत्री से ईएसजेड के मुद्दे पर ‘भ्रम पैदा नहीं’ करने का आग्रह किया

Text Size:

वायनाड (केरल), एक जुलाई (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन से आग्रह किया कि वह पारिस्थितिकी की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों (ईएसजेड) के मुद्दे पर ‘‘भ्रम पैदा करना बंद करें।’’

केरल सरकार ने एक दिन पहले ही पारिस्थितिकी की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों के संबंध में उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले में संशोधन के लिए शीर्ष अदालत का रुख करने का फैसला किया, जिसके बाद राहुल गांधी का यह बयान सामने आया है।

गांधी ने चेताया कि वह बसावट वाले क्षेत्रों को ईएसजेड में शामिल करने के राज्य सरकार के किसी भी प्रयास का विरोध करेंगे।

वन्यजीव अभयारण्य और राष्ट्रीय उद्यानों के आसपास एक किलोमीटर के दायरे में ईएसजेड की स्थापना के विरोध में यहां आयोजित एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए वायनाड सांसद राहुल गांधी ने कहा कि वह विजयन सरकार से आग्रह करते हैं कि उस मुद्दे का हल वह खुद करे, जो उसने खड़ा किया है।

गांधी ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय से अनुरोध किया था कि वह वायनाड के लोगों की चिंताओं पर विचार करे, जोकि इसके क्रियान्वयन से सर्वाधिक प्रभावित होंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि उन्हें सूचित किया गया कि ईएसजेड का निर्धारण 2019 में केरल सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार किया गया है।

ईएसजेड को वायनाड संसदीय क्षेत्र के लोगों के संबंध में ‘‘गंभीर’’ मुद्दा करार देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला आने के तुरंत बाद उन्होंने मुख्यमंत्री विजयन को पत्र लिखा था और उनसे लोगों की चिंताओं पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया था लेकिन उनकी ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला।

भाषा शफीक नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments