scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशसिक्किम में बस पलटी, रांची के 22 छात्र घायल

सिक्किम में बस पलटी, रांची के 22 छात्र घायल

Text Size:

गंगटोक, 28 जून (भाषा) सिक्किम के पूर्वी इलाके में मंगलवार को एक बस के पलट जाने की घटना में रांची के एक कॉलेज के 22 छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि झारखंड की राजधानी रांची में स्थित सेंट जेवियर्स कॉलेज के छात्र सिक्किम घूमने आए थे। उन्होंने बताया कि जब वे रांची वापस जाने के लिए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी लौट रहे थे, तभी उनकी बस रानीपूल थाना क्षेत्र के ‘सेवंथ माइल’ में पलट गई।

उन्होंने बताया कि घायल छात्रों को ताडोंग के सेंट्रल रेफरल अस्पताल (सीआरएच) में भर्ती कराया गया है।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उन्होंने अधिकारियों को छात्रों को हवाई मार्ग से वापस लाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं।

सोरेन ने ट्वीट किया, ”फिलहाल वहां खराब मौसम के कारण हम बच्चों को हवाई मार्ग से वापस नहीं ला पा रहे हैं। वहां उनके समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है।”

सोरेन ने कहा कि उन्होंने सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की है ताकि घायल छात्रों का उचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि सरकार इलाज और छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए सभी विकल्पों पर विचार कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी सिक्किम सरकार से छात्रों को समर्थन सुनिश्चित करने की अपील की।

सेंट जेवियर्स कॉलेज के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पता चला है कि बस का ब्रेक फेल होने के बाद हादसा हुआ।

भाषा फाल्गुनी रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments