शिवमोगा (कर्नाटक), छह जून (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने सोमवार को कहा कि चिक्कमगलुरु और तटीय क्षेत्र के वन क्षेत्रों में प्रतिबंधित ‘सैटेलाइट फोन’ के इस्तेमाल के संबंध में राज्य पुलिस और खुफिया ब्यूरो (आईबी) संयुक्त जांच कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में प्रतिबंधित सैटेलाइट फोन के अवैध रूप से इस्तेमाल संबंधी जानकारी अधिकारियों के संज्ञान में आई थी। उन्होंने कहा कि इस उपकरण के इस्तेमाल और इसके सिग्नल से जुड़ी जानकारी राज्य पुलिस के साथ-साथ केंद्र के आईबी अधिकारियों के साथ साझा की गई है और एक संयुक्त जांच चल रही है।
गृह मंत्री के हवाले से उनके कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘केंद्रीय खुफिया विभाग ने मंगलुरु तट, उत्तर कन्नड़ और चिक्कमगलुरु जिले में कुछ ऐसे विशिष्ट स्थानों की पहचान की है जहां इन उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है, और राज्य के आंतरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी जांच में सहयोग कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि उन लोगों के बारे में विस्तृत जांच की जा रही है जो इन उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मंत्री ने पिछले साल सितंबर में कर्नाटक विधानसभा को बताया था कि सरकार के पास 2020 में 256 और 2021 में (सितंबर तक) 220 सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल होने की जानकारी है।
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
