scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशमुंडका त्रासदी: पीड़ितों के परिजन, जिंदा बचे लोगों ने याद की त्रासदी

मुंडका त्रासदी: पीड़ितों के परिजन, जिंदा बचे लोगों ने याद की त्रासदी

Text Size:

नयी दिल्ली, 15 मई (भाषा) संतोष कुमार (41) ने राजधानी दिल्ली के मुंडका में भीषण अग्निकांड में मारे गए लोगों में शामिल अपनी पत्नी रंजू देवी (34) के शव की पहचान कछुए के आकार वाली अंगूठी और दो चूड़ियों से की। ये दोनों चीजें जलने से बच गयी थीं।

बाहरी दिल्ली के मुंडका में शुक्रवार को चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग अब भी लापता हैं।

संतोष ने कहा, ‘मैं काम पर था जब मुझे पत्नी के कार्यस्थल पर आग लगने की खबर मिली। मैं वहां गया और तीन घंटे तक इंतजार किया, लेकिन उसे नहीं ढूंढ़ पाया। बाद में, मैं संजय गांधी अस्पताल पहुंचा, लेकिन मुझे उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।’

भावुक संतोष ने रविवार को पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘मैं शनिवार की सुबह फिर से अस्पताल गया। स्टाफ मुझे दोपहर दो बजे शवगृह ले गया, जहां मैंने उसकी अंगूठी और चूड़ियों के माध्यम से उसकी पहचान की। मैंने शाम 4.30 बजे अस्पताल से उसका शव प्राप्त किया और कल सभी रस्में पूरी कीं।’’

शुक्रवार को हुए अग्निकांड में अपने प्रियजनों को खोने वाले संतोष इलाके के एकमात्र व्यक्ति नहीं हैं।

मुंडका औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थित भाग्य विहार में मायूसी और बेचैनी का माहौल है। इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कारखानों और उद्योगों में काम करने वाले लोग रहते हैं। आग की त्रासदी से यहां भी गम का माहौल है।

मृतका यशोदा देवी (35) के पति विश्वजीत कुमार (41) ने कहा कि यशोदा ने अपनी बड़ी बेटी की शादी के बाद कर्ज चुकाने में मदद करने के लिए कारखाने में काम किया।

विश्वजीत राजस्थान के अलवर में एक कोयला कारखाने में काम करते हैं। त्रासदी के बारे में पता चलने के तुरंत बाद वह दिल्ली पहुंचे।

यह परिवार बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है। यशोदा का अंतिम संस्कार शनिवार शाम किया गया।

निशा कुमारी (19) आग की घटना के बाद से अब भी लापता है और उसके चाचा पिंटू कुमार परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उसे खोजने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं।

भीषण आग की त्रासदी में बची ममता देवी (45) ने कहा कि वह चमत्कारिक ढंग से परिसर से बाहर निकलने में सफल रही।

भाषा सुरेश नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments