अगरतला, 15 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रतनलाल नाथ ने रविवार को कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने व्यापक मंथन के बाद बिप्लब देब के स्थान पर माणिक साहा को त्रिपुरा का मुख्यमंत्री बनाया है।
उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष साहा के बतौर मुख्यमंत्री शपथ लेने के बाद पत्रकरों से कहा कि यह फैसला आने वाले दिनों में राज्य और पार्टी की बेहतरी सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।
नाथ ने यह भी कहा कि अगले दो से तीन दिनों में राज्य की नयी मंत्रिपरिषद का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा 17 करोड़ से अधिक सक्रिय सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा जैसे नेताओं ने सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद देब को बदला है।’
यह पूछे जाने पर कि क्या इस फैसले से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की संभावनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, देब के नेतृत्व वाली मंत्रिपरिषद में संसदीय कार्य मंत्री रहे नाथ ने कहा कि इसकी संभावना नहीं है।
नाथ ने कहा, ‘‘भाजपा ने कुछ महीनों के अंतराल में उत्तराखंड में तीन बार मुख्यमंत्रियों को बदला था। पार्टी की जीत के साथ यह एक सफल रणनीति साबित हुई। भाजपा 2023 के विधानसभा चुनाव में भी विजयी होगी और पहले की तुलना में अधिक सीट जीतेगी।’’
नाथ को प्राय: राज्य के राजनीतिक परिदृश्य का ‘चाणक्य’ कहा जाता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि देब इस फैसले से नाराज नहीं हैं।
नाथ ने कहा, ‘यदि पूर्व मुख्यमंत्री पार्टी के फैसले से नाराज होते तो प्रतिकूल प्रभाव की संभावना थी, लेकिन ऐसा नहीं है। देब ने ही शनिवार को केंद्रीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ नयी मंत्रिपरिषद के गठन पर विचार-विमर्श किया था।’
उन्होंने कहा कि देब ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में राज्य में ‘बड़ी सफलता’ हासिल की और लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा किया। उन्होंने आगे कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जल्द ही पार्टी में एक नयी भूमिका में दिखाई देंगे।
भाषा सुरेश नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
