मुंबई, 10 मई (भाषा) बृहन्मुंबई नगर निगम ने निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके पति विधायक रवि राणा के खार स्थित घर में कथित रूप से अनधिकृत निर्माण को लेकर मंगलवार को उन्हें नोटिस जारी किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि वे निर्माण कार्य को लेकर ”उचित कारण” से अवगत कराने में विफल रहे तो निर्माण को हटाकर फ्लैट का मूल स्वरूप बहाल किया जाएगा और इसका खर्च भी दंपत्ति से लिया जा सकता है।
खार वेस्ट के रोड नंबर 14 पर स्थित इमारत के आठवें तल के चेयरमेन/सचिव/मालिक/कब्जाधारक को यह नोटिस जारी किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की एक टीम सोमवार को दो बार निरीक्षण के लिए फ्लैट पर पहुंची, लेकिन वह बंद मिला।
नोटिस में फ्लैट में 10 अलग-अलग अनधिकृत कार्यों का उल्लेख किया गया है, जिसमें लिफ्ट के पास छूटी खाली जगह को फ्लैट में मिलाकर शौचालय बनाना, लॉबी को रहने की जगह में मिलाना, पूजा कक्ष को रसोई में मिलाना आदि शामिल है।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
