scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशएनआईडी में पिछले तीन दिन में 24 छात्र कोविड-19 से संक्रमित पाए गए

एनआईडी में पिछले तीन दिन में 24 छात्र कोविड-19 से संक्रमित पाए गए

Text Size:

अहमदाबाद, आठ मई (भाषा) गुजरात में अहमदाबाद शहर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी) के कुल 24 छात्र तीन दिनों में कोविड​​​​-19 से संक्रमित पाये गए हैं। वहीं अकेले रविवार को वहां कोविड-19 के 16 नये मामले सामने आए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

अधिकारियों ने बताया कि इन मामलों का पता चलने के साथ ही संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों को निलंबित कर दिया गया है।

अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि अधिकारियों ने वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास के तहत संस्थान के नये ब्वायज हास्टल और एक अन्य खंड को सूक्ष्म निषिद्ध क्षेत्र घोषित कर दिया है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले तीन दिनों में, एनआईडी के 24 छात्र कोविड​​​​-19 से संक्रमित पाये गए हैं। उन्हें छात्रावास में पृथक किया गया है, जिसे सूक्ष्म निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि संस्थान के छात्रावास और ब्लॉक-सी में कुल 178 छात्रों को पृथक किया गया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए एनआईडी की शैक्षणिक गतिविधियों को निलंबित कर दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग शहर में घर-घर जाकर निगरानी करेगा। उन्होंने कहा कि संक्रमण के लक्षण वालों की जांच की जाएगी और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि एनआईडी में संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी के कारण रविवार को पूरे गुजरात में दर्ज किए गए कुल 37 मामलों में से 34 नये मामले शहर में सामने आए। इसके साथ, राज्य में उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 147 हो गई है।

भाषा अमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments