scorecardresearch
Sunday, 29 September, 2024
होमदेशअर्थजगतकृषि क्षेत्र में उपलब्धियों को उजागर करने के लिए कृषि मंत्रालय का अभियान

कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों को उजागर करने के लिए कृषि मंत्रालय का अभियान

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्रालय 25-30 अप्रैल के दौरान एक अभियान चलाकर आजादी के बाद से कृषि क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों को उजागर करेगा। इससे किसानों के लाभ के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में जागरूकता भी फैलाने की कोशिश की जाएगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, कई अन्य मंत्रालयों के सहयोग से ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत ‘किसान भागीदारी, प्राथमिकता हमारी’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। देश भर से इस अभियान में प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यमों से लगभग एक करोड़ से अधिक किसानों और हितधारकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।

व्यापक जागरूकता और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया, ऑडियो वीडियो क्लिप, जिंगल और लघु वीडियो फिल्मों के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इस अभियान के दौरान कृषि क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों का वर्णन किया जाएगा। इसमें हरित क्रांति और खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता, बागवानी फसलों का सबसे बड़ा उत्पादक; फसल सिंचाई में सुधार, जैव-प्रौद्योगिकी का अनुप्रयोग; कृषि यंत्रीकरण में प्रगति इत्यादि शामिल हैं।

अभियान में किसानों के लिए शुरू की गई योजनाओं मसलन किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का भी उल्लेख किया जाएगा।

देश अपनी आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक सामूहिक उत्सव के रूप में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है। यह उत्सव स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के एक साल बाद यानी 15 अगस्त, 2023 को समाप्त हो जाएगा।

भाषा रिया प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments