scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशपवार के आवास के सामने एमएसआरटीसी कर्मियों के प्रदर्शन मामले में वकील जयश्री पाटिल वांछित: पुलिस

पवार के आवास के सामने एमएसआरटीसी कर्मियों के प्रदर्शन मामले में वकील जयश्री पाटिल वांछित: पुलिस

Text Size:

मुंबई, 14 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार के मुंबई स्थित आवास के सामने एमएसआरटीसी कर्मियों द्वारा किए गए प्रदर्शन के मामले में अधिवक्ता गुनारत्ना सदावर्ते की वकील पत्नी जयश्री पाटिल को पुलिस की ओर से वांछित की सूची में शामिल किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सदावर्तें सहित कुल 116 लोगों को गिरफ्तार किया है। सदावर्ते उन वकीलों में से एक है जो महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के हड़ताल कर रहे कर्मियों का पक्ष रख रहे हैं।

मुंबई पुलिस ने आठ अप्रैल को पवार के घर के सामने हुए प्रदर्शन के मामले में एमएसआरटीसी कर्मियों के साथ-साथ सदावर्ते को भी गिरफ्तार किया है।

अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के पीछे ‘साजिश’ की जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले जो मामले में जयश्री पाटिल की संलिप्तता का संकेत करते हैं।

गामदेवी पुलिस थाने के अधिकारियों के मुताबिक इस प्रकरण में गिरफ्तार एक आरोपी चंद्रकांत सूर्यवंशी जो खुद को मराठी यू ट्यूब चैनल का पत्रकार होने का दावा करता है, ने पुलिस को बताया है कि प्रदर्शन से एक दिन पहले एमएसआरटीसी कर्मियों की ‘‘कोर समिति’’ की बैठक हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि बैठक में कथित तौर पर पवार के आवास ‘‘सिल्वर ओक’’के सामने चप्पल-जूते और पत्थरों के साथ प्रदर्शन करने का फैसला किया गया था।

उन्होंने दावा किया कि सूर्यवंशी के बयान के मुताबिक बैठक के दौरान सदावर्ते की पत्नी मौजूद थी।

अधिकारी ने बताया कि गामदेवी पुलिस ने इसका उल्लेख मुंबई की अदालत के समक्ष भी किया है और नागपुर के एक व्यक्ति और अन्य के साथ पाटिल का नाम भी वांछितों की सूची में शामिल किया है।

उन्होंने बताया कि जयश्री पाटिल की अबतक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments