scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशवार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण प्रारंभ

वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण प्रारंभ

Text Size:

जम्मू,11 अप्रैल (भाषा) दक्षिण कश्मीर स्थित अमरनाथ की यात्रा के निए पंजीकरण देश भर में सोमवार से शुरू हो गया।

अमरनाथ यात्रा 43 दिन की है,जो इस वर्ष 30 जून से शुरू होगी। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण पिछले दो वर्ष यह यात्रा नहीं हुई थी। यह यात्रा दो मार्गों से शुरू होगी,पहला दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाल के नुनवान से शुरू होने वाला पारंपरिक 48 किलोमीटर मार्ग,जबकि दूसरा है मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले का बालटाल मार्ग। पवित्र गुफा तक पहुंचाने वाला यह मार्ग 14 किलोमीटर लंबा है।

सरकार श्रद्धालुओं की कुशल क्षेम की जानकारी रखने के लिए इस वर्ष से रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) प्रणाली भी शुरू करने जा रही है।

वार्षिक तीर्थयात्रा का प्रबंधन करने वाले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) ने अपनी वेबसाइट के अलावा श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए देश भर में 566 केन्द्र निर्धारित किए हैं।

जम्मू सर्कल के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के उप महाप्रबंधक यतीन्द्र कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में रेहरी, कटरा, रियासी, अखनूर और सांबा में हमारी शाखाओं के अलावा देश भर में 316 अन्य शाखाओं में पंजीकरण शुरू हो गया है।’’

उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों को एक आवेदन, एसएएसबी द्वारा नामित अस्पतालों से अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, चार तस्वीरें और 120 रुपये का शुल्क जमा करना होगा।

इस बीच श्रीनगर में अधिकारियों ने कहा कि इस बार यात्रा में पहले की तुलना में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और प्रशासन आठ लाख श्रद्धालुओं की आगमन की तैयारी कर रहा है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अपूर्व चंद्रा की अध्यक्षता में श्रीनगर में एक बैठक में कोविड महामारी के कारण दो साल के बाद होने वाली यात्रा की व्यवस्था पर चर्चा की गई।

जम्मू कश्मीर के मुख्य सचिव अरुण कुमार, जम्मू-कश्मीर क्षेत्रों के संभागीय आयुक्तों और उपायुक्तों ने भी बैठक में भाग लिया।

बाद में चंद्रा ने संवाददाताओं से कहा कि बैठक में चर्चा हुई कि इस साल अमरनाथ यात्रा पहले से कहीं ज्यादा बड़ी और बेहतर होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं पहले के मुकाबले दोगुनी की जायेंगी।

भाषा

शोभना उमा

उमा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments