scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशगोपाल राय ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिये संयुक्त योजना बनाने का अनुरोध किया

गोपाल राय ने दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिये संयुक्त योजना बनाने का अनुरोध किया

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने मंगलवार को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों और विशेषज्ञों की बैठक बुलाने का आग्रह किया ताकि इस क्षेत्र में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए संयुक्त योजना बनायी जा सके।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार द्वारा प्रदूषण नियंत्रण को लेकर उठाए गए कदमों के चलते पिछले चार वर्षों में शहर में ”अच्छे” एवं ”मध्यम” वायु गुणवत्ता सूचकांक वाले दिनों की संख्या बढ़ी है जबकि ”खराब” वायु गुणवत्ता के दिनों में कमी आयी है।

सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरनमेंट(सीएसई) की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए राय ने कहा कि दिल्ली के वायु प्रदूषण में स्थानीय कारकों का योगदान 31 फीसदी है, जबकि बाकी के लिए बाहरी कारक जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा, ”यह स्पष्ट है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए सभी एनसीआर राज्यों को मिलकर काम करना होगा।”

राय ने कहा कि उन्होंने सात नवंबर, 11 नवंबर और तीन दिसंबर को भी एनसीआर राज्यों के पर्यावरण मंत्रियों की बैठक बुलाने का आपसे (भूपेंद्र यादव) आग्रह किया था और एक बार फिर ऐसा ही अनुरोध कर रहा हूं।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments