गुवाहाटी, एक अप्रैल (भाषा) असम के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जगन मोहन ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार उन परिवारों को मौद्रिक अनुग्रह राशि प्रदान करने की मांग पर गौर करेगी जिनके अपनों की मौत कोविड के चलते राज्य के बाहर हुई है।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पहले ही उन लोगों के परिवारों को एकमुश्त मौद्रिक सहायता दे रही है जिनके परिजन राज्य में कोविड-19 के चलते अपनी जान गंवा बैठे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उन लोगों के परिवारों को 50 हजार रुपये अनुग्रह राशि दे रही है जिनकी राज्य में कोविड-19 के चलते मौत हो गयी। उन्होंने कहा कि 6,708 आवेदकों में से 5,579 को यह लाभ मिला है।
भाजपा विधायक विश्वजीत फूकन की इस अपील पर कि राज्य के बाहर जिन लेागों की कोविड-19 से मौत हो गयी, उनके परिवारों को भी सहायता दी जाए, मोहन ने कहा कि सरकार को इसपर काम करना होगा और वह उन्हें इस मांग पर गौर करने का आश्वासन देते हैं ।
भाषा
राजकुमार प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.