नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा ने बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की और देश में राजनीतिक हालात पर उनसे चर्चा की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
शर्मा दो अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। सूत्रों ने बताया कि राहुल ने राज्यसभा में पार्टी के उपनेता के रूप में शर्मा की भूमिका की सराहना की और देश की राजनीतिक स्थिति पर उनके साथ विचार साझा किए।
कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की मांग करने वाले पार्टी नेताओं के समूह ‘जी-23’ के नेता शर्मा ने इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में होने वाले चुनावों में कांग्रेस की संभावनाओं और पेश आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार रखे।
शर्मा हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं और वर्तमान में राज्य से राज्यसभा सदस्य हैं। शर्मा लंबे समय से सांसद हैं और कई वर्षों तक पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे हैं तथा उनके पास लंबा राजनीतिक अनुभव है।
भाषा आशीष सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.