scorecardresearch
Sunday, 6 October, 2024
होमदेशरूस के विदेश मंत्री लावरोव इस सप्ताह भारत की यात्रा कर सकते हैं

रूस के विदेश मंत्री लावरोव इस सप्ताह भारत की यात्रा कर सकते हैं

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस सप्ताह भारत की यात्रा कर सकते हैं। उनकी यात्रा के दौरान नयी दिल्ली द्वारा मॉस्को से तेल और सैन्य उपकरणों की खरीद के लिए भुगतान प्रणाली पर चर्चा पर होने की उम्मीद है। यह जानकारी इस घटनाक्रम से जुड़े लोगों ने सोमवार को दी।

ऐसी जानकारी मिली है कि लावरोव चीन की दो दिवसीय यात्रा समाप्त करने के बाद बृहस्पतिवार या शुक्रवार को भारत की यात्रा कर सकते हैं। ऊपर उद्धृत लोगों ने कहा कि लावरोव की भारत यात्रा की बारीकियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

मॉस्को द्वारा 24 फरवरी को यूक्रेन के खिलाफ सैन्य आक्रमण शुरू किए जाने के बाद से यह रूस की तरफ से भारत की सर्वोच्च स्तर की यात्रा होगी।

भारत या रूस के विदेश मंत्रालयों की ओर से प्रस्तावित यात्रा पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

पिछले कुछ हफ्तों में चीन के विदेश मंत्री वांग यी, अमेरिका की राजनीतिक मामलों की अवर विदेश मंत्री विक्टोरिया नुलैंड और ऑस्ट्रिया व यूनान के विदेश मंत्रियों सहित कई उच्च स्तरीय हस्तियों ने भारत की यात्रा की है।

ब्रिटिश विदेश सचिव लिज ट्रस बृहस्पतिवार को भारत दौरे पर आने वाली हैं।

लावरोव की प्रस्तावित यात्रा के बारे में ऊपर उद्धृत लोगों ने कहा कि इस दौरान भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल और सैन्य उपकरणों की खरीद के लिए भुगतान प्रणाली पर चर्चा होने की संभावना है।

यूक्रेन पर आक्रमण को लेकर रूस पर पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों ने उसे भुगतान करने में कठिनाइयां उत्पन्न की हैं। पता चला है कि दोनों पक्ष रुपया-रूबल भुगतान प्रणाली को सक्रिय करने पर विचार कर रहे हैं।

कई अन्य प्रमुख शक्तियों के विपरीत, भारत ने अभी तक यूक्रेन पर आक्रमण के लिए रूस की आलोचना नहीं की है और उसने रूसी आक्रमण की निंदा करने वाले प्रस्तावों पर संयुक्त राष्ट्र के मंचों पर मतदान में हिस्सा लेने से परहेज किया है।

भाषा अमित पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments