scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशपंजाब के मुख्यमंत्री ने घर-घर राशन वितरण योजना की घोषणा की

पंजाब के मुख्यमंत्री ने घर-घर राशन वितरण योजना की घोषणा की

Text Size:

चंडीगढ़, 28 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को ‘घर-घर राशन वितरण योजना’ शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि गरीबों को अब कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि अच्छी गुणवत्ता वाला राशन उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।

मान ने एक वीडियो संदेश में कहा, हालांकि यह योजना पात्र लाभार्थियों के लिए वैकल्पिक होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का विवरण जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने घर-घर राशन वितरण योजना को शुरू करने का फैसला किया है। योजना के तहत, लाभार्थियों के घर पर अच्छी गुणवत्ता वाली राशन सामग्री पहुंचाई जाएगी और अब किसी को भी इसके लिए कतार में खड़े होने या अपना काम छोड़ने की आवश्यकता नहीं होगी।’’

मान ने कहा, ‘‘हमारे अधिकारी लाभार्थियों को फोन करेंगे और उनकी सुविधा और उपलब्धता के अनुसार उनके घरों पर राशन पहुंचाया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि यह योजना वैकल्पिक है।

पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर राशन डिपो आपके घर के बहुत करीब है, तो कोई भी वहां से राशन ला सकता है। मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार ने दिल्ली में भी इस योजना को शुरू किया था, लेकिन दुर्भाग्य से इसे रोक दिया गया। ‘‘लेकिन, पंजाब में हम इस योजना को लागू करने जा रहे हैं और हम इसे सफलतापूर्वक चलाएंगे।’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों के लिए घर-घर राशन पहुंचाने की नीति लागू करने के बाद अन्य राज्यों के लोग भी इसकी ‘‘मांग’’ करने लगेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार राष्ट्रीय राजधानी में इस नीति के कार्यान्वयन में ‘‘बाधा पहुंचाने’’ की कोशिश कर रही है। केजरीवाल ने दावा किया, ‘‘इस विचार (घर-घर राशन पहुंचाने की नीति) का समय आ गया है। वे इसे दिल्ली में लागू नहीं होने देंगे, लेकिन इसे पंजाब में लागू किया जाएगा। और पूरा देश देखेगा। इस देश के सभी लोग इसकी मांग करेंगे। देश भर में इसे लागू किए जाने की मांग की जाएगी।’’

मान ने कहा कि यह दुखद है कि देश की आजादी के 75 साल बाद भी गरीब और आम लोगों को राशन पाने के लिए राशन डिपो के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण के इस युग में खाद्य पदार्थों सहित दैनिक जरूरतों की विभिन्न वस्तुओं को एक फोन कॉल पर लोगों के दरवाजे पर पहुंचाया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन कई मौकों पर गरीब लोगों, जिनमें अधिकतर दिहाड़ी मजदूर होते हैं, को (उचित मूल्य की दुकानों से) राशन लेने के लिए अपने दिन के काम को छोड़ना पड़ता है। जो व्यक्ति अपनी दैनिक कमाई से अपने खाने-पीने की जरूरत को पूरा करता हो, अगर उसे राशन लाने के लिए अपनी दिहाड़ी छोड़नी पड़े तो यह कितना दुखद है।’’

मान ने कहा, ‘‘मैं कई बुजुर्ग महिलाओं को जानता हूं जिन्हें डिपो से अपना राशन लेने के लिए दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। राशन की गुणवत्ता कभी-कभी उतनी अच्छी नहीं होती है।’’ उन्होंने कहा कि अब लोगों को इन सब समस्याओं से निजात मिल जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकारें लोगों के लिए होती हैं, वे लोगों द्वारा चुनी जाती हैं। सरकारें लोगों की सुविधा के लिए होनी चाहिए, न कि उन्हें परेशान करने या उनके लिए समस्याएं पैदा करने के लिए।’’ मान ने कहा, ‘‘आपको (लाभार्थियों को) अच्छी गुणवत्ता वाला वही राशन मिलेगा, जो लोग आम तौर पर खाते हैं, अमीर लोग जो खाते हैं, आपको वही आटा, दाल मिलेगी…।’’

इससे पहले 19 मार्च को मान ने अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक में पुलिस विभाग में 10,000 पद सहित राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 25,000 रिक्तियों को भरने की घोषणा की थी।

पिछले महीने के पंजाब विधानसभा चुनावों में आप ने कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-पंजाब लोक कांग्रेस-शिअद (संयुक्त) गठबंधन को पछाड़ते हुए सत्ता हासिल की थी। कांग्रेस को 117 सदस्यीय विधानसभा में 18 सीट पर जीत मिली, जबकि आप ने 92 सीट पर जीत हासिल की।

भाषा सुरभि दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments