पणजी, 28 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गोवा इकाई के प्रमुख सदानंद शेट तानावडे ने सोमवार को कहा कि कैबिनेट की इस समय रिक्त तीन सीट को लेकर ‘‘आगामी एक या दो महीने में’’ फैसला कर लिया जाएगा।
पणजी के निकट आयोजित एक समारोह में प्रमोद सावंत के लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री के तौर पर और अन्य आठ भाजपा विधायकों के कैबिनेट मंत्रियों के तौर पर शपथ ग्रहण करने के कुछ मिनट बाद तानावडे ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य कैबिनेट में तीन और मंत्री ‘‘एक या दो महीने में’’ शामिल किए जाएंगे, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि गैर भाजपाई विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा या नहीं।
गोवा कैबिनेट में मुख्यमंत्री के अलावा 11 और मंत्री हो सकते हैं।
पिछले महीने संपन्न हुए राज्य विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 20 सीट पर जीत हासिल की, जो 40 सदस्यीय सदन में बहुमत से एक कम है। तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है।
हाल में कुछ भाजपा विधायकों ने राज्य कैबिनेट में एमजीपी को शामिल किए जाने का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा को दीपक धवलीकर-नीत राजनीतिक दल के समर्थन की आवश्यकता नहीं है।
भाजपा विधायक गोविंद गौडे ने पिछले सप्ताह कहा था कि एमजीपी विधायकों को कैबिनेट में शामिल नहीं किया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस के साथ गठबंधन करके भाजपा के खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ा था।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
