पलक्कड़ (केरल), 14 मार्च (भाषा) यहां एक मंदिर में उत्सव के दौरान हुई झड़प में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की मौत के मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि डीवाईएफआई के एक स्थानीय कार्यकर्ता मिधुन की गिरफ्तारी के साथ, इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या सात हो गई है।
पुलिस ने बताया, ‘‘सोमवार को आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सभी आरोपी मृतक के रिश्तेदार या पड़ोसी हैं।’’
कुछ दिन पहले गांव के एक मंदिर में उत्सव के दौरान हुई झड़प में घायल हुए अरुण कुमार (28) की शुक्रवार को जिले के एक अस्पताल में मौत हो गई थी।
भाजपा ने आरोप लगाया था कि कुमार पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और उसके युवा संगठन डीवाईएफआई के कार्यकर्ताओं ने हमला किया था।
हालांकि, पुलिस ने कहा कि यह घटना एक मंदिर में उत्सव के दौरान स्थानीय लोगों के बीच हुई झड़प का नतीजा थी और इस घटना के किसी भी तरह के राजनीतिक रूप से जुड़े होने से इनकार किया था।
इससे पहले, दो मार्च को पझंबलक्कोडे गांव में मंदिर में आयोजित उत्सव के दौरान हुई घटना के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
भाजपा नेताओं ने बताया कि कुमार भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता थे।
भाजपा जिला नेतृत्व ने आरोप लगाया था कि यह एक सुनियोजित हत्या थी।
भाषा देवेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
