कोटा (राजस्थान) 11 मार्च (भाषा) राजस्थान के बारां जिले में शुक्रवार को तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग -27 पर ट्रैक्टर ट्रॉली से एक निजी बस के टकरा जाने पर बच्चों समेत कम से कम 21 यात्री घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े पांच बजे गलत दिशा से आ रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली से बस टकरा गयी। बस गुजरात के राजकोट से उत्तर प्रदेश के कानपुर जा रही थी। ट्रॉली पर सरसों लदा था।
बारां के सहायक पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर टक्कर से बचने की कोशिश के दौरान बस ट्रैक्टर के अगले हिस्से से जा भिड़ी और मार्ग विभाजक पर चढने के बाद पलट गयी।’’
उन्होंने बताया कि क्रेन की मदद से तत्काल बस को हटाया गया और उसमें फंसे चार साल के बच्चे को सुरक्षित निकाला गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक के अनुसार घायल यात्रियों का बारां के जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, बारां के जिलाधिकारी नरेंद्र गुप्ता ने घायलों के उपचार का निरीक्षण किया। बाद में राजमार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।
स्वर्णकार के अनुसार हादसे के बाद बस चालक मौके से भाग गया और ट्रैक्टर ट्रॉली भी घटनास्थल पर नहीं मिली, उन्हें ढूढा जा रहा है।
भाषा राजकुमार मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.