नयी दिल्ली, 31 जनवरी (भाषा) भारत के अनुभवी हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने 2021 में शानदार प्रदर्शन के लिए सोमवार को प्रतिष्ठित विश्व खेल साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार जीता। वह यह पुरस्कार हासिल करने वाले सिर्फ सिर्फ दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं।
इससे पहले 2020 में भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल 2019 में शानदार प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी।
श्रीजेश ने स्पेन के स्पोर्ट क्लाइंबर अल्बर्टो गिनेस लोपेज और इटली के वुशु खिलाड़ी माइकल गियोर्डानो को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता।
श्रीजेश ने बयान में कहा, ‘‘मैं यह पुरस्कार जीतकर काफी सम्मानित महसूस कर रहा हूं। सबसे पहले इस पुरस्कार के लिए मुझे नामित करने पर एफआईएच को धन्यवाद। दूसरा, दुनिया भर में भारतीय हॉकी के प्रशंसकों को भी धन्यवाद जिन्होंने मुझे वोट दिया।’’
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान श्रीजेश तोक्यो ओलंपिक में एतिहासिक कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी थे। उन्होंने एक लाख 27 हजार 647 वोट मिले। लोपेज और गियोर्डानो को क्रमश: 67 हजार 428 और 52 हजार 46 वोट मिले।
श्रीजेश इस पुरस्कार के लिए नामित होने वाले एकमात्र भारतीय थे। उनके नाम की सिफारिश अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने की थी।
अक्टूबर में एफआईएच स्टार्स पुरस्कार में श्रीजेश को 2021 के लिए साल का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया था।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.