नई दिल्ली: पाकिस्तान ने शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) में अपनी भागीदारी की पुष्टि की. उसने कहा कि वह 20 नवंबर को अपने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को नई दिल्ली भेजेगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन कर सकते हैं. इसमें SCO के सदस्य देशों के प्रतिनिधि सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साझा इतिहास और सभ्यतागत संबंधों पर चर्चा करेंगे.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, “पाकिस्तान सरकार ने 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में होने वाले SCO सभ्यतागत संवाद में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है.”
यह घोषणा केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के इस बयान के कुछ दिनों बाद हुई है कि उद्घाटन मंच में शामिल होने के लिए 15 देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है. उन्होंने उम्मीद जताई थी कि पाकिस्तान भी इसमें शामिल होगा.
शुक्रवार को भारत मंडपम में पत्रकारों से बात करते हुए शेखावत ने संकेत दिया कि इस मंच पर भू-राजनीतिक मतभेदों से बचा जाएगा और इसके बजाय सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों पर ध्यान दिया जाएगा.
भारत और पाकिस्तान का जिक्र करते हुए शेखावत ने कहा कि बंटवारे और उसके बाद के राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों देशों का सांस्कृतिक और सभ्यतागत विकास एक समान रास्ते पर हुआ है.
उन्होंने कहा, “उनका विकास हमारे साथ समानांतर रूप से हुआ है. इसलिए, इस विषय (सांस्कृतिक सभ्यता) पर उनके बीच किसी तरह के मतभेद होने की संभावना नहीं लगती.”
इस मंच को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संपर्क पिछले एक महीने से चल रहा है. पिछले महीने नई दिल्ली में पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स साद वाराइच ने विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज की ओर से SCO के सदस्य और साझेदार देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों के लिए आयोजित दोपहर के भोज में हिस्सा लिया था.
ताजा घटनाक्रम इस महीने की शुरुआत में भारत के राष्ट्रीय SCO समन्वयक आलोक डिमरी के इस्लामाबाद दौरे के बाद सामने आया है. वहां उन्होंने संगठन की अध्यक्षता कर रहे पाकिस्तान के तहत हुई बैठकों में हिस्सा लिया था.
इस दौरे के दौरान डिमरी ने पाकिस्तान में होने पर खुशी जताई थी और वहां के दूसरे शहरों में जाने की इच्छा भी जाहिर की थी. उनकी इन टिप्पणियों पर इस्लामाबाद की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया आई थी.
डिमरी की टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने इस दौरे को “स्वागत योग्य कदम” बताया. उन्होंने कहा कि दो साल से ज्यादा समय में किसी वरिष्ठ भारतीय अधिकारी का यह पहला पाकिस्तान दौरा था.
खान ने कहा, “भारत समेत SCO के सभी सदस्य देशों के राष्ट्रीय समन्वयक इसमें शामिल हुए थे.” उन्होंने कहा कि डिमरी की मौजूदगी शांति, विकास, संपर्क, व्यापार और पारगमन जैसे साझा क्षेत्रीय हितों को दिखाती है.
डिमरी ने पाकिस्तान के सरकारी प्रसारक PTV से कहा था कि यह उनका पाकिस्तान का पहला दौरा था और वह इस्लामाबाद आकर खुश हैं. उन्होंने फैसलाबाद, सियालकोट और लाहौर जाने की इच्छा भी जताई थी.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने डिमरी की टिप्पणियां साझा की थीं. इस दौरे के दौरान डिमरी पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार से हाथ मिलाते और एक आधिकारिक कार्यक्रम में पारंपरिक तरीके से नमस्ते करते भी दिखाई दिए थे.
जब खान से पूछा गया कि क्या यह दौरा या ये हावभाव नई दिल्ली की ओर से कोई कूटनीतिक संदेश थे, तो उन्होंने कहा कि इसे जरूरत से ज्यादा अर्थ नहीं देना चाहिए. उनके मुताबिक, यह द्विपक्षीय कूटनीतिक पहल के बजाय एक बहुपक्षीय कार्यक्रम था.
उन्होंने कहा, “SCO एक सीमित बहुपक्षीय संगठन है और पहले भी इसके कार्यक्रमों में भागीदारी होती रही है.” उन्होंने कहा कि भारत की भागीदारी में “कुछ भी नया नहीं” है.
दोनों देशों के बीच सीधे राजनीतिक और कूटनीतिक संपर्क अब भी सीमित हैं. चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान ने 2001 में SCO की स्थापना की थी. इसके बाद संगठन का विस्तार हुआ और 2017 में भारत और पाकिस्तान इसके पूर्ण सदस्य बने. ईरान 2023 में इसका सदस्य बना.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: गांधी और बच्चन परिवार कभी बेहद करीबी थे, सोनिया की किताब में रिश्तों में आई दरार का जिक्र नहीं