पटना: बिहार में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 17 जिलों में बड़ी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं. बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) के औद्योगिक क्षेत्रों में 40 बड़ी इकाइयां स्थापित हो रही हैं. इनमें करीब 21,600 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है. इनसे लगभग 23,000 लोगों को सीधे रोजगार मिलने का अनुमान है.
इसके अलावा, BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों के बाहर भी 19 बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित हो रही हैं या पहले से चल रही हैं. अंबुजा सीमेंट, अल्ट्राटेक, जेके लक्ष्मी सीमेंट, अदाणी पावर, हल्दीराम, मदर डेयरी, आईटीसी और अमूल जैसी कंपनियां राज्य में निवेश कर रही हैं.
खाद्य प्रसंस्करण, सीमेंट, ऊर्जा, पेट्रोलियम, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर और प्लास्टिक उद्योग से जुड़ी परियोजनाएं भी आगे बढ़ रही हैं. खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में BIADA के औद्योगिक क्षेत्रों में 13 इकाइयां हैं. वहीं, मुजफ्फरपुर, बक्सर, बेगूसराय और गोपालगंज में इथेनॉल प्लांट लगाए जा रहे हैं.
राज्य में औद्योगिक विकास को पटना तक सीमित न रखकर नौ क्लस्टरों में फैलाने की योजना है. इनमें पटना, बिहटा, हाजीपुर, मोतीपुर, दरभंगा, बेगूसराय, पूर्णिया, गया और भागलपुर शामिल हैं. इन परियोजनाओं का मकसद युवाओं को अपने जिले और आसपास के इलाकों में रोजगार के अवसर देना है.
BIADA के मुताबिक, कई इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है, जबकि कुछ का निर्माण चल रहा है. करीब 21,600 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश और 23,000 प्रत्यक्ष रोजगार के अनुमान से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की उम्मीद है.