नई दिल्ली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को आगरा और मथुरा के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी बड़ी परियोजना का उद्घाटन करेंगे और ब्रज क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे.
मुख्यमंत्री सुबह करीब 10 बजे आगरा पहुंचेंगे और फतेहाबाद रोड स्थित होटल अमर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बने 250 बेड के यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे. यह अत्याधुनिक अस्पताल हृदय रोग, न्यूरोसर्जरी, लिवर व किडनी ट्रांसप्लांट और क्रिटिकल केयर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा.
आगरा के बाद मुख्यमंत्री मथुरा जाएंगे. यहां यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्रीय कार्यालय में ब्रज तीर्थ विकास परिषद की समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में मथुरा-वृंदावन की विकास परियोजनाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की प्रगति पर चर्चा होगी. इसके बाद वे अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण करेंगे और अंत में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. शाम करीब 5 बजे वे लखनऊ लौटेंगे.
