लखनऊ: होली के मौके पर योगी सरकार किसानों के जीवन में समृद्धि का रंग भरने जा रही है. उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र उपलब्ध कराने की पहल की है. इन कृषि यंत्रों की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जो 4 मार्च तक चलेगी. किसानों को विभाग की वेबसाइट www.agridarshan.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा.
कृषि विभाग की ‘सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन’ योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, अन्य एकल कृषि यंत्र और ‘इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू’ योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों के लिए आवेदन किए जा सकते हैं. इसके अलावा अन्य योजनाओं के तहत कृषि यंत्र और कृषि रक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे. त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बैच ड्रायर और मेज सेलर के लिए भी किसान आवेदन कर सकते हैं.
कृषि यंत्रों की बुकिंग केवल ऑनलाइन माध्यम से होगी. किसान वेबसाइट पर ‘किसान कॉर्नर’ में जाकर ‘यंत्र बुकिंग प्रारंभ’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं. यंत्रों से संबंधित पूरी जानकारी और अनुदान प्रक्रिया वेबसाइट पर उपलब्ध है.
लाभार्थियों को बुकिंग टोकन कन्फर्म होने की तारीख से 10 दिन के भीतर कृषि यंत्र खरीदकर उसकी रसीद और फोटो www.agridarshan.up.gov.in या upyantratraking.in पर अपलोड करनी होगी.
वर्ष 2017-18 से 2025 तक प्रदेश में लगभग तीन लाख कृषि यंत्र वितरित किए जा चुके हैं. इनमें 2.31 लाख एकल कृषि यंत्र, 8405 कस्टम हायरिंग सेंटर और 7351 फार्म मशीनरी बैंक शामिल हैं.
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी तक 7777 कृषि यंत्र, 51 कस्टम हायरिंग सेंटर और 64 फार्म मशीनरी बैंक से जुड़े बिल पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं.
