scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमरिपोर्टअयोध्या में बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, योगी कैबिनेट ने भूमि हस्तांतरण को दी मंजूरी

अयोध्या में बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, योगी कैबिनेट ने भूमि हस्तांतरण को दी मंजूरी

एक अन्य बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के आठ शहरों के विकास के लिए 425 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है.

Text Size:

लखनऊ: योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में अयोध्या में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है.

यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत बनाया जाएगा. प्रस्ताव के अनुसार चक नंबर-4, मोहल्ला वशिष्ठ कुंड, परगना हवेली अवध, तहसील सदर स्थित नजूल भूमि के सात गाटा नंबरों की करीब 2500 वर्गमीटर भूमि अयोध्या नगर निगम को हस्तांतरित की जाएगी.

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार यह भूमि कुछ शर्तों के साथ नगर निगम को निःशुल्क दी जाएगी.

सरकार का उद्देश्य यहां आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाकर खेल सुविधाओं को बढ़ावा देना और युवाओं को बेहतर खेल अवसंरचना उपलब्ध कराना है.

एक अन्य बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के आठ शहरों के विकास के लिए 425 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है.

इस योजना का उद्देश्य तेजी से बढ़ रही शहरी आबादी को ध्यान में रखते हुए नए शहरों का सुनियोजित विकास करना और लोगों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

कैबिनेट के निर्णय के अनुसार बरेली, वाराणसी, ओराई, चित्रकूट, बांदा, प्रतापगढ़, गाजीपुर और मऊ में नए शहरों के समग्र विकास के लिए सीड कैपिटल के रूप में यह राशि जारी की जाएगी.

योजना के तहत भूमि अर्जन में आने वाले खर्च का अधिकतम 50 प्रतिशत तक राज्य सरकार सीड कैपिटल के रूप में उपलब्ध कराएगी, जिसे अधिकतम 20 वर्षों की अवधि के लिए दिया जाएगा.

वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के लिए कुल 3000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें से पहले चरण में 425 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे.

share & View comments