नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश वन विभाग पहली जुलाई से वन महोत्सव का आयोजन करेगा जो सात जुलाई तक चलेगा. योगी सरकार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पूरे प्रदेश में ‘आम बहार आपके द्वार’ अभियान चलाया जाएगा. इसका उद्देश्य पौधरोपण के महत्व को बढ़ावा देना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है.
मुख्य वन संरक्षक प्रचार प्रसार अदिति शर्मा ने बताया कि इस अवधि में जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा. इसमें वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त परिवेश और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर विशेष जोर रहेगा. उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फलदार वृक्षों की देशी प्रजातियों के रोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं. इसी क्रम में आम के पौधों का व्यापक वितरण किया जाएगा और प्रत्येक विकास खंड में ‘आम भंडारा’ का आयोजन होगा.
वन महोत्सव 2026 के तहत यूपी सरकार इस वर्ष 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य लेकर चल रही है. विभागों और मंडलों को इसके लिए पहले ही लक्ष्य सौंपे जा चुके हैं. बारिश के मौसम में पौधरोपण अभियान की तिथि जल्द घोषित की जाएगी.