नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होंगी. इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं. परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रदेश में 8033 केंद्र बनाए गए हैं.
18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है. 222 केंद्र अति संवेदनशील और 683 संवेदनशील श्रेणी में हैं. हर परीक्षा कक्ष में वॉयस रिकॉर्डरयुक्त दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और लाइव वेबकास्टिंग से निगरानी होगी. सभी स्ट्रांग रूम 24 घंटे निगरानी में रहेंगे. राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम लखनऊ में स्थापित किया गया है और टोल फ्री हेल्पलाइन जारी की गई है.
नकल रोकने के लिए विशेष सुरक्षा फीचर वाली उत्तर पुस्तिकाएं और रिजर्व प्रश्नपत्र सेट सुरक्षित रखे गए हैं. सरकार ने अनुचित गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.
