scorecardresearch
Thursday, 26 February, 2026
होमरिपोर्टलठमार होली में बरसाना की हुरियारिनों ने बरसाईं लाठियां, रंगोत्सव-2026 में उमड़ा लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब

लठमार होली में बरसाना की हुरियारिनों ने बरसाईं लाठियां, रंगोत्सव-2026 में उमड़ा लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब

योगी सरकार ने रंगोत्सव-2026 को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया.

Text Size:

मथुरा: बरसाना में आयोजित रंगोत्सव-2026 के तहत विश्व प्रसिद्ध लठमार होली पूरे उल्लास और परंपरा के साथ मनाई गई. शाम करीब पांच बजे नंदगांव के हुरियारों पर बरसाना की हुरियारिनों ने प्रेम भरी लाठियां बरसाईं. पूरा क्षेत्र अबीर-गुलाल से रंग गया और हर तरफ राधा-कृष्ण के जयकारे गूंजते रहे. इस दौरान हेलीकॉप्टर से हुरियारों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की गई.

नंदगांव से आए हुरियारों का प्रिया कुंड पर भव्य स्वागत किया गया. उन्हें दामाद की तरह मिठाई, पकोड़े, ठंडाई और भांग परोसी गई. इसके बाद हुरियारों ने ब्रह्मांचल पर्वत स्थित लाडली किशोरी मंदिर पहुंचकर राधा रानी से होली खेलने की अनुमति ली.

दर्शन के बाद हुरियारे रंगीली गली पहुंचे, जहां उन्होंने ढोल-नगाड़ों की थाप पर ब्रज के पारंपरिक रसिया और होली गीत गाए. इसके जवाब में महिलाओं ने लाठियों से वार किया, जबकि पुरुषों ने ढाल से बचाव किया. मान्यता है कि यह परंपरा करीब 5000 साल पुरानी है और भगवान कृष्ण से जुड़ी हुई है.

इस अनूठी होली को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचे. श्रद्धालुओं ने इसे अद्भुत और भावुक करने वाला अनुभव बताया. मंदिर के पुजारियों ने कहा कि यह परंपरा राधा-कृष्ण के प्रेम का प्रतीक है.

सुरक्षा के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार के निर्देश पर कड़े इंतजाम किए गए थे. 4500 से ज्यादा पुलिसकर्मी, पीएसी और अन्य टीमें तैनात रहीं. जिलाधिकारी और एसएसपी ने खुद मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी की.

योगी सरकार ने रंगोत्सव-2026 को भव्य और दिव्य रूप देने के लिए कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया.

share & View comments