देहरादून: त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले को उत्तराखंड सरकार ने गंभीरता से लिया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएं किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हैं और सरकार अराजक तत्वों से सख्ती से निपटेगी. ऐसी वारदातों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.
त्रिपुरा के उनाकोटी जिले के नंदानगर निवासी छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में अब तक पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें से दो आरोपित नाबालिग हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है. एक आरोपित अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. फरार आरोपित पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. उसकी तलाश में पुलिस की एक टीम नेपाल भी भेजी गई है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरार आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश पुलिस को दिए हैं. उन्होंने कहा कि आरोपी जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होगा. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को सरकार से किसी भी तरह की राहत की उम्मीद नहीं करनी चाहिए. ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रहने वाले हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने त्रिपुरा के मृतक छात्र एंजेल चकमा के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया.
