scorecardresearch
Saturday, 7 February, 2026
होमरिपोर्ट‘परीक्षा पे चर्चा’ से पूरा देश जुड़ा, यह सिर्फ संवाद नहीं बल्कि राष्ट्रीय आंदोलन: सीएम पुष्कर सिंह धामी

‘परीक्षा पे चर्चा’ से पूरा देश जुड़ा, यह सिर्फ संवाद नहीं बल्कि राष्ट्रीय आंदोलन: सीएम पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल अब सिर्फ एक संवाद नहीं रही, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुकी है. प्रधानमंत्री का संदेश यह सिखाता है कि परीक्षा जीवन का एक हिस्सा है, लेकिन पूरा जीवन नहीं.

Text Size:

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नेसविला रोड स्थित सेंट एग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री की नौवीं ‘परीक्षा पे चर्चा’ से पूरा देश जुड़ा हुआ है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल अब सिर्फ एक संवाद नहीं रही, बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुकी है. प्रधानमंत्री का संदेश यह सिखाता है कि परीक्षा जीवन का एक हिस्सा है, लेकिन पूरा जीवन नहीं.

अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए सीएम धामी ने कहा कि स्कूल का समय बहुत कीमती होता है और दोबारा नहीं आता, इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए.

उन्होंने कहा कि परीक्षा छात्रों के लिए योद्धा की तरह अपना सर्वश्रेष्ठ देने का अवसर होती है. केवल परीक्षा पास करना ही काबिलियत का पैमाना नहीं है, जीवन में और भी कई लक्ष्य होते हैं.

मुख्यमंत्री ने छात्रों से स्पष्ट लक्ष्य तय करने, प्राथमिकताओं पर ध्यान देने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की. साथ ही उन्होंने माता-पिता से भी कहा कि वे बच्चों पर बेवजह दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें.

उत्तराखंड सीएमओ के अनुसार, परीक्षा पे चर्चा 2026 के तहत देशभर में 4 करोड़ से अधिक छात्र, शिक्षक और अभिभावक पंजीकरण करा चुके हैं और इस बार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है.

उत्तराखंड से इस वर्ष करीब 7 लाख छात्र, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से ज्यादा अभिभावक जुड़े हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 2.98 लाख छात्रों की थी.

सीएमओ ने बताया कि राज्य के छात्रों द्वारा बनाए गए 10 प्रेरक वीडियो में से एक राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया है. यह वीडियो रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पाला कुराली के छात्र रोहन सिंह राणा ने बनाया है. रोहन को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली बुलाया गया है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है.

share & View comments