लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कालाबाजारी के खिलाफ प्रदेशभर में चलाए गए अभियान में बड़ी कार्रवाई की गई है. 12 मार्च से अब तक 233 एफआईआर दर्ज हुई हैं और 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. 237 लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई चल रही है.
खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार कालाबाजारी रोकने के लिए 19,882 स्थानों पर निरीक्षण और छापेमारी की गई. एलपीजी वितरकों के खिलाफ 33 मामले दर्ज हुए हैं, जबकि गैस की कालाबाजारी में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ 200 एफआईआर दर्ज की गई हैं.
सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपूर्ति प्रभावित किए बिना कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए. प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है और 12,888 पेट्रोल पंपों पर नियमित बिक्री हो रही है. राज्य में पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और मांग के अनुसार आपूर्ति की जा रही है.
एलपीजी आपूर्ति को लेकर 4,107 वितरकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं. शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है और निगरानी के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय है.
