scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमरिपोर्टहर मंडल मुख्यालय पर बनेंगे स्पोर्ट्स कॉलेज : मुख्यमंत्री योगी

हर मंडल मुख्यालय पर बनेंगे स्पोर्ट्स कॉलेज : मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आयोजित विधायक खेल स्पर्धा–2025 के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे. वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत कर रही है.

Text Size:

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हर स्तर पर ठोस कदम उठा रही है. प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर बड़े स्टेडियम के साथ अब हर मंडल मुख्यालय पर स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएंगे.

मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आयोजित विधायक खेल स्पर्धा–2025 के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे. वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत कर रही है.

सीएम योगी ने बताया कि गोरखपुर में बेलीपार के पास एक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है, वहीं रीजनल स्टेडियम का 63 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जा रहा है. वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेडियम बन रहा है. मेरठ में मेजर ध्यानचंद के नाम पर बनी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और इसका निर्माण विश्वस्तरीय स्तर पर जारी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही गोरखपुर महानगर की सभी संस्थाओं के साथ बैठक कर उनसे अपील की जाएगी कि वे एक-एक खेल को गोद लें. सरकार और संस्थाएं मिलकर कोच, संसाधन और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएंगी, जिससे बच्चों को बेहतर अवसर मिल सके.

सीएम योगी ने कहा कि आगामी विधायक खेल स्पर्धा में बच्चों और छात्रों के साथ-साथ कामकाजी और सेवानिवृत्त लोगों के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. ये प्रतियोगिताएं वार्ड स्तर से शुरू होकर नगर स्तर तक आयोजित होंगी. बच्चों की प्रतियोगिताएं बालक-बालिका वर्ग में बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा स्तर पर होंगी.

उन्होंने बताया कि इसी तरह जनवरी के पहले सप्ताह में गायन, वादन, नृत्य और नाट्य जैसी विधाओं में सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं होंगी. 11 से 13 जनवरी तक आयोजित गोरखपुर महोत्सव में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही जीवन में सफलता संभव है और खेल इसमें अहम भूमिका निभाते हैं. “युवा खेलेगा तो देश खिलेगा,” कहते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत की नींव स्वस्थ और ऊर्जावान युवाओं से ही रखी जा सकती है.

सीएम योगी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में खेलों को लेकर बड़ा बदलाव आया है. कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स में भारत की पहचान वैश्विक स्तर पर बनी है. ओलंपिक, एशियाड और वर्ल्ड चैंपियनशिप में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए सरकार खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत कर रही है.

मुख्यमंत्री ने भीषण ठंड में भी खिलाड़ियों के जोश की सराहना की. उन्होंने बताया कि विधायक खेल स्पर्धा में प्रत्यक्ष रूप से 1000 और अप्रत्यक्ष रूप से 10,000 खिलाड़ियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, जूडो और कुश्ती शामिल रहीं.

सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि सीएम योगी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलेगा इंडिया, आगे बढ़ेगा इंडिया’ के सपने को जमीन पर उतार रहे हैं. गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम इसका बड़ा उदाहरण है.

कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायकगण, एमएलसी, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष, खेल निदेशक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने कुश्ती और कबड्डी के फाइनल मुकाबले देखे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने विजेताओं को पदक, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया.

share & View comments