लखनऊ: निवेश मित्र 3.0 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश के भीतर निवेश के बेहतरीन डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने का जो सपना नौ वर्ष पहले देखा गया था, आज वह जमीन पर हकीकत बनता दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उद्योगपतियों और निवेशकों की बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब निवेशकों ने प्रदेश की डबल इंजन सरकार पर भरोसा जताया, तो सरकार ने भी उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नीतियों और व्यवस्थाओं को प्रभावी तरीके से लागू कर निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाया है.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज देश भर में किसी भी उद्यमी के लिए उत्तर प्रदेश सबसे पसंदीदा निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है. उन्होंने कहा कि निवेशकों का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है.
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश वासियों और युवाओं के सपनों को तोड़ा गया था, जिससे राज्य के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया था.
उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार पर जो भरोसा लोगों ने जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए टीम यूपी ने लगातार मेहनत की है और प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है.
