नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को ‘स्कूल चलें हम’ राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ किया. इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल और किताबें वितरित की गईं.
सीएम ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और बच्चों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे स्कूलों में नामांकन बढ़ा है. उन्होंने बताया कि नामांकन में 19.6 फीसदी वृद्धि हुई है और ड्रॉपआउट दर लगभग शून्य हो गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा नीति 2020 के तहत बच्चों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं. सरकारी स्कूलों में अब साइकिल, यूनिफॉर्म और लैपटॉप जैसी सुविधाएं मिल रही हैं. उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.
