नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को सीधे रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सभी जनपदों में ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ के लिए उपयुक्त भूमि शीघ्र चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं. सोमवार को हुई एक अहम बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति का लक्ष्य ऐसा वातावरण बनाना है, जहां युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और उद्यमिता के अवसर एक ही परिसर में मिल सकें.
उन्होंने कहा कि यह योजना उद्योग, कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्योग-सहायता से जुड़े विभागों को एकीकृत करने की दिशा में बड़ा कदम है. एमएसएमई, सेवा आधारित उद्योगों और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्लग-एंड-प्ले यूनिट और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
योजना के तहत कॉमन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग और डिजाइन सेंटर, टूल रूम, ईटीपी, प्रशिक्षण, मेंटरिंग और ऋण योजनाओं की सुविधा दी जाएगी. प्रत्येक जिले में न्यूनतम 50 एकड़ क्षेत्र में यह जोन चरणबद्ध तरीके से विकसित किए जाएंगे.
