scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमरिपोर्टगुलज़ारबाग प्रेस व अभिलेखागार के दुर्लभ दस्तावेजों का होगा डिजिटलीकरण, मुख्य सचिव ने किया संयुक्त निरीक्षण

गुलज़ारबाग प्रेस व अभिलेखागार के दुर्लभ दस्तावेजों का होगा डिजिटलीकरण, मुख्य सचिव ने किया संयुक्त निरीक्षण

इस उच्च-स्तरीय निरीक्षण का उद्देश्य अभिलेखागार में सुरक्षित वर्षों पुराने और ऐतिहासिक महत्व वाले दस्तावेजों के संरक्षण की प्रक्रिया को तेज करना है. यह कार्य भारत सरकार की महत्वाकांक्षी “ज्ञान भारतम” पहल के अंतर्गत किया जाएगा.

Text Size:

पटना: बिहार की ऐतिहासिक और दुर्लभ दस्तावेजी धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है. इसी क्रम में बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने बुधवार को गुलज़ारबाग़ स्थित ऐतिहासिक प्रिंटिंग प्रेस एवं अभिलेखागार का संयुक्त निरीक्षण किया.

इस उच्च-स्तरीय निरीक्षण का उद्देश्य अभिलेखागार में सुरक्षित वर्षों पुराने और ऐतिहासिक महत्व वाले दस्तावेजों के संरक्षण की प्रक्रिया को तेज करना है. यह कार्य भारत सरकार की महत्वाकांक्षी “ज्ञान भारतम” पहल के अंतर्गत किया जाएगा.

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव और महानिदेशक ने अभिलेखागार में रखी पुरानी फाइलों, दुर्लभ पांडुलिपियों और ब्रिटिशकालीन दस्तावेजों का गहन अवलोकन किया. उन्होंने इन दस्तावेजों को बिहार की प्रशासनिक और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा बताया.

अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जीर्ण-शीर्ण हो रहे इन दस्तावेजों को आधुनिक तकनीक की मदद से डिजिटलीकृत किया जाए, ताकि इन्हें नष्ट होने से बचाया जा सके और शोधकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता के लिए भी सुलभ बनाया जा सके.

निरीक्षण के दौरान प्रिंटिंग प्रेस परिसर और वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया. संबंधित अधिकारियों को दस्तावेजों के रखरखाव में वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने का निर्देश दिया गया, ताकि कागज की गुणवत्ता और स्याही लंबे समय तक सुरक्षित रह सके.

मौके पर अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत ने कहा कि बिहार का इतिहास अत्यंत गौरवशाली है और गुलज़ारबाग प्रेस में मौजूद दस्तावेज उस इतिहास के मूक साक्ष्य हैं. उन्होंने कहा कि “ज्ञान भारतम” पहल के जरिए इस अमूल्य ज्ञान संपदा को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित किया जाएगा.

वहीं, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि इस संरक्षण कार्य में बिहार संग्रहालय तकनीकी और विशेषज्ञ सहयोग प्रदान करेगा, ताकि दस्तावेजों का संरक्षण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया जा सके.

इस अवसर पर वित्त विभाग की सचिव (व्यय) रचना पाटिल भी उपस्थित रहीं.

share & View comments