पटना: राजधानी पटना के लोगों के लिए गुरुवार का दिन खास रहा. पटना मेट्रो रेल का भूतनाथ स्टेशन से मलाही पकड़ी स्टेशन तक ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया. इसे शहर में आधुनिक और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
Patna Metro Rail Corporation Limited (पीएमआरसीएल) के अनुसार भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा जल्द शुरू की जाएगी. फिलहाल पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक ही मेट्रो का संचालन हो रहा है.
यह ट्रायल रन एलिवेटेड कॉरिडोर पर तय तकनीकी मानकों के अनुसार किया गया. परीक्षण के दौरान मेट्रो ट्रेन को अलग-अलग गति पर चलाकर कई जरूरी मानकों की जांच की गई. इनमें सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता, ब्रेकिंग सिस्टम का प्रदर्शन, ट्रैक और ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम, स्टेशन समन्वय, संचार व्यवस्था और आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल शामिल रहे.
तकनीकी विशेषज्ञों और अभियंताओं की मौजूदगी में ट्रेन को निर्धारित अधिकतम गति तक चलाकर सभी सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया. पीएमआरसीएल के अधिकारियों ने बताया कि ट्रायल के दौरान ट्रेन का संचालन पूरी तरह संतोषजनक रहा.
अब अगला चरण सुरक्षा निरीक्षण और अंतिम स्वीकृति का है. सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस रूट पर मेट्रो का व्यावसायिक संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू होने से पटना के हजारों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित हो जाएगी.
