रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में आज बगिया में जशपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए गए. डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन जशपुर, एसईसीएल और ईडीसीआईएल के बीच एमओयू संपन्न हुआ.
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर रोहित व्यास, एसईसीएल की ओर से जनरल मैनेजर सी. एम. वर्मा तथा ईडीसीआईएल की ओर से प्रोजेक्ट डायरेक्टर विकास सहरावत ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाना समय की आवश्यकता है, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के बच्चों को भी शहरों के समान बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें. उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में नवाचार, जिज्ञासा और तकनीकी दक्षता का विकास होगा, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगा.
एमओयू के तहत जशपुर जिले के चयनित शासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से इंटरएक्टिव पैनल लगाए जाएंगे. इन उपकरणों की मदद से शिक्षक डिजिटल कंटेंट, वीडियो, प्रेजेंटेशन और ई-लर्निंग संसाधनों का उपयोग कर पढ़ाई को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बना सकेंगे. इसके साथ ही एमओयू में इंटरएक्टिव पैनल की स्थापना के साथ-साथ उनके प्रशिक्षण, संचालन और नियमित रखरखाव के प्रावधान भी शामिल किए गए हैं, ताकि उपकरणों का निरंतर और बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके.
इस परियोजना के लिए एसईसीएल द्वारा सीएसआर मद से 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. इसके अंतर्गत जिले के शासकीय विद्यालयों में कुल 206 इंटरएक्टिव पैनल स्थापित किए जाएंगे. इस पहल से जिले के सैकड़ों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा का लाभ मिलेगा.
कलेक्टर रोहित व्यास ने एसईसीएल और ईडीसीआईएल के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस परियोजना से विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा.
