scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमरिपोर्टसामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता और मितव्यता का संदेश देने के प्रभावी माध्यम: मुख्यमंत्री

सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता और मितव्यता का संदेश देने के प्रभावी माध्यम: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने अपने निजी अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने अपने डॉक्टर बेटे का विवाह भी सामूहिक विवाह समारोह में ही किया.

Text Size:

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सनातन संस्कृति के सोलह संस्कारों में पाणिग्रहण संस्कार का विशेष महत्व है. यही संस्कार परिवार परंपरा की निरंतरता का आधार बनता है. संतों के सानिध्य में और सामूहिक विवाह के उल्लासपूर्ण वातावरण में पाणिग्रहण संस्कार का संपन्न होना विशेष संयोग और सौभाग्य का प्रतीक है.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इंदौर जिले के शिप्रा में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान गंगा सह 251 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक विभेद, ऊंच-नीच और फिजूलखर्ची जैसी बुराइयों को दूर कर समाज में समरसता और मितव्यता का संदेश देते हैं. ऐसे आयोजनों को समाज के प्रत्येक वर्ग द्वारा प्रोत्साहित किया जाना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने अपने निजी अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने अपने डॉक्टर बेटे का विवाह भी सामूहिक विवाह समारोह में ही किया.

उन्होंने कहा कि बिना जाति-पाति और सामाजिक भेदभाव के संपन्न होने वाले सामूहिक विवाहों का आनंद और संतोष अद्भुत होता है. उन्होंने अपील की कि विवाह और मृत्यु भोज जैसे आयोजनों में अनावश्यक खर्च से बचकर अपनी बचत और संसाधनों का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार की बेहतरी में किया जाए.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और योजनाओं का सही लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्राथमिकता है.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुष्प वर्षा कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

उन्होंने ईश्वर से नवदंपतियों को वैभव, यश, कीर्ति और आनंद प्रदान करने की प्रार्थना की तथा उनसे माता-पिता की सेवा करने और समाज के कल्याण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और हितानंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे.

share & View comments