नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोशालाओं को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. इस पहल के तहत उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग और जर्मनी की संस्था GIZ GmbH के बीच समझौता हुआ है.
इसके जरिए चयनित गोशालाओं को आधुनिक तकनीक और प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा. कार्यक्रम में आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता और संस्था के प्रतिनिधियों ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए. योजना में वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि तकनीकी सहयोग और कौशल विकास पर जोर दिया गया है.
प्रशिक्षण के माध्यम से संसाधनों के बेहतर उपयोग, क्षमता निर्माण और संचालन को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा. साथ ही गोबर, गोमूत्र और अन्य उत्पादों के वैज्ञानिक व व्यावसायिक उपयोग को बढ़ावा मिलेगा. इस पहल से गोशालाएं उत्पादक इकाइयों के रूप में विकसित होंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
