scorecardresearch
Friday, 21 August, 2026
होमरिपोर्टमहिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सीएम धामी

महिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: सीएम धामी

देहरादून के 13 गांव में खुलेगा राज्य स्तरीय विपणन केंद्र, लखपति दीदियों और महिला उद्यमियों का किया सम्मान.

Text Size:

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना’ के तहत चौपाल-2026 का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार महिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के जरिए अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है. वहीं, 8 हजार से अधिक महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों को उद्यमिता और आजीविका के अवसरों से जोड़ा गया है.

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांव में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा की. यहां प्रदेश के सभी जिलों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जाएगा.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के गांव अब प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं. युवाओं और महिलाओं में हुनर और कुछ नया करने की इच्छा है, जबकि स्थानीय उत्पादों में देश-दुनिया के बाजार तक पहुंचने की क्षमता है. जरूरत सिर्फ इस हुनर को सही दिशा देने की है.

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने. इसके साथ ही किसानों और महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो.

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत ग्रामीण उद्यमियों को कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण, आर्थिक मदद, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जोड़ने की सुविधा दी जा रही है.

share & View comments