नई दिल्ली: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को कई जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया. बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, फतेहपुर, उन्नाव और लखनऊ में आपदा की स्थिति का जायजा लिया गया. असामयिक बारिश, तेज हवाओं और चक्रवात से फसलों को भारी नुकसान हुआ है. सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए त्वरित कार्रवाई शुरू की है.
हवाई सर्वे के बाद आजमगढ़ और फतेहपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इसमें जिलाधिकारी और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. फसल सर्वेक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई.
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सर्वे कार्य जल्द पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए. सरकार ने भरोसा दिलाया है कि किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाएगा.
