गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने आए लोगों को आश्वस्त किया कि वे बेफिक्र होकर अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं. सरकार उनकी पूरी आर्थिक मदद करेगी. सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन लोगों को इलाज में सहायता चाहिए, उनके इस्टीमेट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को उपलब्ध कराई जाए. हर जरूरतमंद को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद राशि दी जाएगी.
होलिकोत्सव के लिए गोरखपुर आए सीएम योगी ने मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में करीब 150 लोगों से मुलाकात की. कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास जाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है, हर समस्या का प्रभावी समाधान होगा.
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं पर गंभीरता और संवेदनशीलता से ध्यान दें और उनका त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण करें. हर पीड़ित के साथ संवेदनशील रवैया अपनाया जाए. उन्होंने कहा कि कहीं भी जमीन कब्जा या दबंगई हो तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.
जनता दर्शन में एक व्यक्ति ने किडनी की बीमारी में धन की कमी की समस्या बताई. इसके जवाब में सीएम ने कहा कि चिंता न करें, इलाज के लिए पर्याप्त आर्थिक मदद मिलेगी. कई अन्य लोग भी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद की गुहार लेकर पहुंचे. सीएम योगी ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार किसी भी जरूरतमंद के इलाज में धन की कमी को बाधा नहीं बनने देगी.
जनता दर्शन में कुछ बच्चों के साथ परिजन भी आए थे. मुख्यमंत्री ने सभी को स्नेहिल आशीर्वाद दिया और चॉकलेट बांटी, साथ ही पढ़ाई के लिए प्रेरित किया.
