देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून जिले की सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के द्वितीय चरण (किलोमीटर 1 से 10) का शिलान्यास किया.
यह परियोजना 1203.40 लाख रुपये की लागत से निर्मित की जाएगी. इसके तहत मिठीबेरी से परवाल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवाल से विज्ञान धाम झाझरा तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सड़क अवसंरचना राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है. बेहतर संपर्क व्यवस्था से स्थानीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को गति मिलेगी तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी.
सहसपुर क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं. इनमें पेयजल आपूर्ति, नाला निर्माण, मोक्षधाम निर्माण तथा पुश्ता निर्माण कार्य शामिल हैं.
मुख्य घोषणाओं में भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति के लिए ट्यूबवेल निर्माण, दारू चौक से केशववाला नदी तक जलभराव की समस्या के समाधान हेतु नाला निर्माण, आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के निकट मोक्षधाम निर्माण, असनपुर से श्मशान घाट तक पुश्ता और सड़क निर्माण, उमेदपुर और परवाल में असन नदी पर कृषि भूमि की सुरक्षा हेतु पुश्ता निर्माण, नगर निगम वार्ड संख्या 93 के बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुश्ता निर्माण तथा पोंधा में श्मशान घाट तक सड़क और नाले से कटाव रोकने के लिए पुश्ता निर्माण शामिल हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है. उत्तराखंड समावेशी विकास में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है, जिसमें महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रेटिंग उत्तराखंड को समावेशी विकास में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित कर रही हैं. उन्होंने महिलाओं को पहाड़ की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं ऐसे उत्पाद तैयार कर रही हैं, जो बहुराष्ट्रीय कंपनियों से प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था 26 गुना बढ़ी है, बजट आकार 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, विद्युत उत्पादन चार गुना बढ़ा है और रिवर्स माइग्रेशन में 44 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड की मूल पहचान, संस्कृति और जनसांख्यिकीय संतुलन के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी. समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और अवैध अतिक्रमण व भू-माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार भर्तियों की तैयारी की जा रही है. मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर की क्षेत्रीय मुद्दों के प्रति सक्रिय भूमिका की भी सराहना की.
