जर्मनी/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी दौरे के दौरान अग्रणी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी RAILONE GmbH के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का दौरा किया. इस दौरान राज्य सरकार और कंपनी के बीच लगभग 200 करोड़ रुपये के निवेश से जुड़े एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए.
यह पहल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश में आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है.
उपमुख्यमंत्री के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने रेलवन के संयंत्र में रेलवे ट्रैक और कंक्रीट स्लीपर निर्माण की अत्याधुनिक तकनीकों का विस्तार से अवलोकन किया. प्रतिनिधिमंडल ने उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों और वैश्विक सर्वोत्तम प्रणालियों को समझने के लिए कंपनी के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा भी की.
इस समझौते के जरिए उत्तर प्रदेश में रेल अवसंरचना के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, उच्च गुणवत्ता मानकों और वैश्विक अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है.
राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत परिवहन नेटवर्क और औद्योगिक विकास को गति देना है.
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेश और तकनीकी सहयोग के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है.
