वाराणसी: गोरक्षपीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ और ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव का दर्शन-पूजन किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर और आसपास मौजूद दुकानदारों व बच्चों से संवाद किया और उनका हालचाल जाना. बच्चों को उन्होंने उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया.
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे थे. शनिवार सुबह उन्होंने सबसे पहले बाबा काल भैरव मंदिर में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और श्रद्धा निवेदित की. मंदिर से बाहर निकलते समय मुख्यमंत्री ने आसपास मौजूद दुकानदारों और बच्चों से बातचीत की. सभी ने प्रणाम कर अपने प्रिय मुख्यमंत्री का अभिवादन किया. मुख्यमंत्री के आत्मीय व्यवहार से लोग काफी प्रसन्न दिखाई दिए.
इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचे. गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने लोक मंगल की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया और आरती की. मंदिर परिसर से निकलते समय उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन किया, जिस पर वहां मौजूद लोगों ने “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए.
मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक नीलकंठ तिवारी, सुशील सिंह और अवधेश सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी दर्शन-पूजन किया.
