सिंगापुर: योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर दौरे के दौरान आईटी, डेटा सेंटर, एविएशन और निवेश को लेकर कई अहम बैठकें कीं. उन्होंने ST Telemedia Global Data Centres के प्रेसिडेंट और ग्रुप सीईओ ब्रूनो लोपेज के साथ उत्तर प्रदेश में हाइपरस्केल डेटा सेंटर, डिजिटल सिस्टम और टिकाऊ टेक्नोलॉजी निवेश बढ़ाने पर चर्चा की.
सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर बताया कि इस सहयोग से उत्तर प्रदेश के तेजी से बढ़ते आईटी, उद्योग और इनोवेशन सेक्टर को मजबूती मिलेगी.
उन्होंने सिंगापुर के उप प्रधानमंत्री गन किम योंग और गृह मंत्री के शन्मुगम से भी मुलाकात की. इस दौरान व्यापार, इंफ्रास्ट्रक्चर, सुरक्षा और निवेश के क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश और सिंगापुर के बीच सहयोग बढ़ाने पर बात हुई.
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के SATS Ltd के अधिकारियों से भी मुलाकात की. इस दौरान नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर में वर्ल्ड-क्लास कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयर कैटरिंग किचन बनाने के लिए समझौता (MoU) साइन किया गया.
सीएम योगी ने कहा कि इस साझेदारी से व्यापार बढ़ेगा, सप्लाई चेन मजबूत होगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे. उन्होंने सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट के लॉजिस्टिक्स हब का भी दौरा किया और वहां की आधुनिक कार्गो और कोल्ड चेन सिस्टम की जानकारी ली.
मुख्यमंत्री 22 से 24 फरवरी तक सिंगापुर के आधिकारिक दौरे पर हैं, जिसका मकसद निवेश, साझेदारी और आर्थिक सहयोग को मजबूत करना है.
