नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन लगाने की आवश्यकता नहीं है. निर्धारित समय पर बुकिंग कराएं, सिलेंडर आपके घर पहुंच जाएगा. आवश्यकता होने पर ही पेट्रोल-डीजल लेने जाएं. कुछ लोग अफवाहें फैला कर अव्यवस्था फैलाना चाहते हैं, लोगों को ऐसे दुष्प्रचार पर ध्यान नहीं देना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि गल्फ युद्ध के पहले अगर सिलेंडर एक महीने चलता था, तो अब भी निर्धारित समय पर ही बुकिंग कराएं. वैश्विक संकट के बीच संयम और सहयोग जरूरी है. उन्होंने जनता से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर विश्वास रखने और राष्ट्रहित में सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की अपील की.
