नई दिल्ली: मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण अंचलों तक यात्रियों को सुगम आवागमन की सुविधा देने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठा रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस उद्देश्य की पूर्ति में किसी का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और लोक परिवहन सेवा निर्बाध रूप से चलती रहे, यही प्राथमिकता है.
शनिवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में उन्होंने मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से चर्चा की. मुख्यमंत्री ने कहा कि बस ऑपरेटर्स की सभी शंकाओं और कठिनाइयों का समाधान मिल-बैठकर निकाला जाएगा. उन्होंने परिवहन मंत्री को भी निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का त्वरित निपटारा हो.
सकारात्मक बातचीत और आश्वासन मिलने के बाद बस ऑनर्स एसोसिएशन ने आगामी 2 मार्च 2026 से प्रस्तावित बस हड़ताल वापस लेने की घोषणा की. बैठक में सचिव परिवहन मनीष सिंह, एसोसिएशन के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रदेश के दस संभागों से आए बस ऑनर्स उपस्थित थे.
