पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (NIB) ने 2026 के जनवरी और फरवरी में भ्रष्टाचार से जुड़े 28 मामलों में मुकदमा दर्ज किया है. यह संख्या 2024 के समान अवधि के 28 गुना और 2025 के मुकाबले 4 गुना अधिक है.
Bureau के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जनवरी–फरवरी के दौरान कुल 18 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2026 में मात्र दो महीनों में 28 केस दर्ज हो गए. इन मामलों में 7 लाख 99 हजार रुपये जब्त किए गए हैं.
श्री गंगवार ने कहा कि ब्यूरो की टीम पहले से अधिक सशक्त और प्रशिक्षित है. कार्रवाई की प्रक्रिया सुगम होने के कारण मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. वर्ष 2025 में कुल 122 मामले दर्ज किए गए, यानी औसतन हर महीने 10 लोगों के खिलाफ केस.
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2026 में अब तक चार मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है और करीब 200 मामलों को स्पीडी ट्रायल में ले जाने की तैयारी है. इस अवसर पर उन्होंने ब्यूरो परिसर में कैंटीन भवन के जीर्णोद्धार और विस्तारीकरण का शुभारंभ किया, जिससे कर्मचारियों को सहूलियत मिलेगी.
